रांची। अगर आप क्रिकेट के शौकीन हैं तो शायद आप यह जान कर चौंक जाएं कि दो-दो आदिवासी क्रिकेटर दुनिया पर छा जाने को तैयार हैं। इन दोनों के नाम हैं झारखंड के रॉबिन मिंज और छत्तीसगढ़ के प्रशांत साय पैंकरा। इन दोनों का चयन मुंबई इंडियन के क्लब क्रिकेट में हुआ है और जल्द ही ये ट्रेनिंग के लिए इंग्लैंड रवाना होंगे।
ज्ञात हो कि आईपीएल की फ्रेंजाइजी टीमें अपना क्लब भी बनाती हैं। मुंबई इंडियन भी सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत देश भर से टैलेंट सर्च करती है और उन चुने हुए प्रतिभावान क्रिकेटरों को अपने क्लब टीम में शामिल करती है। इसके साथ ही उन्हें बेहतर ट्रेनिंग की सुविधा मुहैया करवाई जाती है।

रांची के रहने वाले रॉबिन मिंज एक विकेटकीपर सह बल्लेबाज हैं, जो फिलहाल झारखंड क्रिकेट टीम के अंडर-23 टीम में शामिल हैं। दूसरी ओर, प्रशांत छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के फरसाबहार ब्लॉक के तपकरा के रहने वाले तेज गेंदबाज हैं।
महज 8 वर्ष की उम्र से क्रिकेट खेल रहे रॉबिन के पिता आर्मी में थे। नामकुम के डीएवी से दसवीं तक की पढ़ाई करने वाले रॉबिन ने उसके बाद पूरा समय क्रिकेट को दे दिया। पिछले साल उन्हें लखनऊ सुपरजाइंट्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स ने ट्रायल के लिए बुलाया था। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए ट्रायल दिया, लेकिन उनका चयन नहीं हो पाया। फिर उन्होंने दोबारा तैयारी की और अब उनके सपने पूरे होने को हैं।

दूसरी ओर प्रशांत इससे पहले छत्तीसगढ़ टीम में बतौर गेंदबाज काफी समय से खेल रहे हैं। प्रशांत दाएं हाथ के फास्ट बॉलर हैं और 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार गेंद फेंकते हैं। छत्तीसगढ़ अंडर-25 वनडे ट्रॉफी के दौरान मुम्बई इंडियंस के स्काउट ने उनके प्रदर्शन को देख कर उन्हें ट्रायल के लिए मुंबई बुलाया।
ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन के बाद उन्हें केवाई पाटिल ट्रॉफी में रिलायंस टीम की तरफ से खेलने के लिए आमंत्रित किया गया। अंततः उन्हें आईपीएल के मुंबई इंडियंस टीम में सपोर्ट बॉलर के रूप में चुना गया है।





























