रांची। झारखंड में कोरोना वायरस के संक्रमण की कम होती रफ्तार के मद्देनजर विभाग में यह सहमति बन रही है कि 31 जनवरी के बाद मौजूदा पाबंदियों में ढील दी जा सकती है। हालांकि, राज्य में अब भी सक्रिय केस की संख्या 10 हजार है। इस संबंध में सोमवार को आपदा प्रबंधन विभाग की उच्च स्तरीय बैठक होने की संभावना है।
अधिकारी इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि दुकानों के बंद होने का समय आठ बजे से बढ़ाया जा सकता है। स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थान खोलने पर भी बात बनने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बार यह आदेश हो सकता है कि स्कूल-कॉलेज फूल टाइम के लिए खुलें, इसपर बात बनने की उम्मीद है।
ज्ञात हो कि कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड मंत्रालय में 3 जनवरी 2022 को झारखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक में पहली बार 15 जनवरी 2022 तक के लिए पाबंदियां लागू कर दी गई थीं। दोबारा 15 जनवरी को सरकार ने बैठक कर इसे 31 जनवरी तक विस्तार दे दिया था। अब चूँकि कोरोना का कहर कम हो रहा है, सरकार इन पाबंदियों में छूट दे सकती है, ऐसी उम्मीद की जा रही है।
इन पाबंदियों में छूट मिलने की उम्मीद:
- सभी पार्क, स्विमिंग पूल, जिम, चिड़ियाघर, पर्यटन स्थल, खेल स्टेडियम अभी पूर्णत: बंद हैं।
- स्कूल, कॉलेज, कोचिंग इंस्टीट्यूट बंद हैं, इन संस्थानों में 50% क्षमता के साथ प्रशासनिक कार्य चल रहा है।
- सिनेमा हॉल, रेस्टोरेंट, बार एवं शॉपिंग मॉल 50% क्षमता के साथ खुल रहा है।
- रेस्टोरेंट, बार एवं दवा दुकानें अपने नॉर्मल समय पर बंद हो रहे हैं। बाकी सभी दुकानें रात्रि आठ बजे तक ही खुली रह रही हैं।
- आउटडोर आयोजन में अधिकतम एक सौ लोग शामिल होने की अभी इजाजत है।
- इनडोर आयोजनों में कुल क्षमता का 50% या 100 दोनों में से जो कम हो, क्षमता के साथ आयोजन करने का अभी आदेश है।
- सरकारी एवं निजी संस्थानों के कार्यालय 50% क्षमता के साथ खोलने का आदेश है।
- सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस पर प्रतिबंध लागू है।





























